बच्चों का कोना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बच्चों का कोना लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 9 मई 2015

गर्मी मीठे फल है लाती

लाल लाल तरबूजे लाती,
गर्मी मीठे फल है लाती.

आम फलों का राजा होता,
बच्चों को मनभावन लगता.
मीठे पके आम सब खाते,
मेंगो शेक भी अच्छा लगता.

खरबूजा गर्मी में आता,
मीठा गूदा मन को भाता.
ठंडा करके जब यह खाते,
तन मन है हर्षित हो जाता.

गोल गोल अंडे सी लीची,
मीठा कितना गूदा होता.
नमक लगा कर जामुन खाओ,
इनका मज़ा अलग है होता.

हर मौसम का मज़ा है अपना.
हर मौसम कुछ अच्छा लाता.
लस्सी शेक व शरबत पी कर,
तन मन है ताज़ा हो जाता.

...© कैलाश शर्मा 

बुधवार, 24 दिसंबर 2014

सेंटा क्लॉज़ है सबका प्यारा

क्रिसमस का त्यौहार है आता,
बच्चों को खुशियाँ है लाता।

इंतज़ार करते सब बच्चे,
लेकर के उपहार आयेगा।
सेंटा क्लॉज़ है सबका प्यारा,
वह उनसे मिलने आयेगा।

साझे हैं त्यौहार सभी के,
मिल के सबके साथ मनाओ।
भेद भाव को सभी भुला कर,
सब को अपने गले लगाओ।

क्रिसमस ट्री लगता है प्यारा,
मिलजुल कर है इसे सजाया।
आसमान उतरा ज़मीन पर,
इतना इसको है चमकाया।

बिस्किट, केक बनाए माँ ने,
चलो सभी मिलकर के खाएं।
त्यौहारों का अर्थ यही है,
मिलजुल कर हम इन्हें मनाएं।


**MERRY CHRISTMAS**

...कैलाश शर्मा 

शनिवार, 9 अगस्त 2014

रक्षा बंधन

राखी नहीं है रेशम धागा,
इसमें कितना प्यार भरा है।
बचपन की मीठी यादों का
पूरा इक संसार भरा है।

बहन भाई का प्यारा रिश्ता,
करता है सुदृढ रक्षा बंधन।
कितने भी वे दूर हों चाहे,
आता याद प्यार का बंधन।

बंधा रहे रेशम डोरी में,
भाई बहन का प्यार सदा ही।
खुशियाँ बरसें भाई के घर में,
करे कामना बहन सदा ही।

राखी के एक एक धागे में,
निश्छल प्यार बहन का बसता।
भाई बहन का प्रेम अमर हो,
रक्षा बंधन त्यौहार है कहता।

**रक्षा बंधन की हार्दिक शुभकामनायें**

....कैलाश शर्मा 
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...